महासमुन्द
महासमुंद, 26 मार्च। बागबाहरा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 33 शिक्षकों एवं कर्मचारियों की जीपीएफ राशि में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने लगभग 22.89 लाख रुपये की अनियमितता का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मई 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच वेतन से जीपीएफ एवं जीआईएस की कटौती तो की गई, लेकिन राशि कोषालय में जमा नहीं की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित चेक समय पर जमा नहीं किए गए। जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे ने बताया कि मूल राशि जमा कर दी गई है, जबकि ब्याज राशि शेष है। मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में हुई शिकायतों के आधार पर विभाग ने जांच बैठाई थी। जांच अधिकारियों ने गहन छानबीन के बाद 23 दिसंबर 2024 को ही अपना विस्तृत प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को सौंप दिया था। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से वित्तीय अनियमितता और प्रक्रियात्मक चूक की पुष्टि की गई थी।
शिक्षकों ने आर्थिक नुकसान की भरपाई, निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।