महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मार्च। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने कल सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ श्री नंदनवार द्वारा शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे विद्यार्थियों के माध्यम से पालकों से संपर्क स्थापित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं। ताकि सडक़ सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके। श्री नंदनवार ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात विभाग को निर्देशित किया गया कि हेलमेट न पहनने एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान की प्रभावी कार्यवाही हेतु आवश्यक स्थानों पर कैमरे स्थापित किए जाएं।
रात्रि के समय सडक़ों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग तथा नगरीय निकायों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मवेशियों को सडक़ों से हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया। सीईओ श्री नंदनवार ने सभी संबंधित विभागों को सडक़ सुरक्षा से जुड़े दिशा.निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।