महासमुन्द

शादी-बदनामी के डर से प्रेमी ने की गर्भवती मूकबधिर युवती की हत्या
25-Mar-2026 2:54 PM
शादी-बदनामी के डर से प्रेमी ने की गर्भवती मूकबधिर युवती की हत्या

 6 घंटे के भीतर आरोपी हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद, 25 मार्च। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम में हुई मूकबधिर युवती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने मंगलवार को महज 6 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिता ने सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री का शव घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित हुई। यह टीम एफएसएल एवं डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103-1 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को मृतिका के पिता से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में पता चला कि गांव के ही लोकनाथ पटेल ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए थे। साथ ही यह भी सामने आया कि युवती गर्भवती थी और आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी। संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी लोकनाथ पटेल ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

उसने बताया कि बदनामी के डर से वह शादी नहीं करना चाहता था और इसी कारण युवती को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी ने 23 मार्च की मध्य रात्रि में युवती को बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया।

वहां विवाद होने पर उसने पास पड़े पत्थर से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।


अन्य पोस्ट