महासमुन्द
सागुनढाप के ग्रामीणों ने की कलेक्टर से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 मार्च। सागुनढाप ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार की शिकायत कलेक्टर से की गई है। आरोप है कि 15वें वित्त आयोग मद की आबंटित राशि का मनमानी तरीके से व्यय किये जाने और प्रक्रिया को दरकिनार कर राशि का आहरण कर दी गई है।
पिथौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सागुनढाप में कोरे बिल बाउचरों के आधार पर राशि आहरण किए जाने संबंधित दस्तावेज में सामाग्री, मात्रा और दर जैसे महत्वपूर्ण विवरण खाली पाए गए। जबकि कुल राशि अंकित है। इस गंभीर मामले की कलेक्टर महासमुन्द से ग्रामीणों ने लिखित शिकायत की है।
गांव वालों का आरोप है कि ग्राम पंचायत सागुनढाप में सूचना का अधिकार में 15 वित्त आयोग मद का बिल बाउचर दिया गया है। जिसमें एक लाख पचास हजार रुपए का एक बिल मिला है। जो 10 जून 2024 का है। लेकिन बिल कोरा है। इसके बाबजूद उक्त कोरा बिल के आधार से राशि संबंधित फ र्म को भुगतान भी कर दिया गया है।
पंचायत सचिव सुभाषचन्द्र साहू ने बताया कि पन्द्रहवें वित्त आयोग मद के जनपद निधि से कचरा सेट निर्माण इत्यादि हेतु तीन लाख रुपए मिला था। प्रिंट मिस्टेक की वजह से ये बिल कोरा रह गया।
ठेकेदार मोहितराम पटेल ने बताया कि उसने कोरा बिल सचिव सुभाष को दिया था। वैसा ही कोरा बिल को सूचना का अधिकार में नहीं देना था।
करारोपण अधिकारी सुशील चौधरी ने बताया कि जब भी सचिव सुभाष साहू से निरीक्षण हेतु दस्तावेजों के मांग करने से अभी अधूरा है, बाद में करवा दूंगा, कहकर मामला को टाल देता था।
इस मामले में तीनों पक्षों का अलग-अलग बयान से स्थिति संदिग्ध हो गई है। बगैर पूर्ण विवरण और वैध बिल के किसी भी प्रकार का भुगतान करना वित्तीय नियमों का उल्लघंन माना जाता है। अब इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग गांव वालों ने की है।