महासमुन्द
रोपवे टूटने से महिला की मौत और 16 श्रद्धालु जख्मी हुए थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मार्च। महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार को रोपवे टूटने से 16 श्रद्धालुओं के घायल होने और एक की मौत होने के बाद रायपुर रिफर गंभीर रूप से घायलों की स्थिति अभी स्थिर है। वहीं महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक रायपुर अस्पताल में भर्ती गंभीर घायलों में 4 की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी अनुसार रविवार को सभी लोग चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन खल्लारी माता के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद कुछ श्रद्धालु रोपवे की ट्रॉली से नीचे उतरने वाले थे और जमीन से सिर्फ बीस फीट की ऊंचाई पर थे कि अचानक ट्रॉली का केबल टूट गया। ट्रॉली पहाड़ी से टकराई और उसमें बैठे लोग करीब 20 फीट नीचे जमीन पर गिर गए।
इसी दौरान ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी संतुलन खोकर गिर गई। उसमें बैठे लोग घायल हो गए। ज्यादातर घायल रायपुर के रहने वाले हैं। जिला प्रशासन ने हादसे की जांच करने के बाद लापरवाही सामने आने पर रोपवे संचालक और 2 स्थानीय कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। इस हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने रोपवे के नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि यदि समय-समय पर इसका मेंटेनेंस किया जाता तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच लापरवाही सामने आने पर मां खल्लारी देवी ट्रस्ट को एफआईआर दर्ज कराने निर्देश दिए। जिसके बाद ट्रस्ट ने रोप-वे संचालक कंपनी ‘रोपवे एवं रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता ’ और रोपवे संचालन में लगे स्थानीय कर्मचारी बीरबल जंघेल, रामेश्वर यादव के खिलाफ खल्लारी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 173 के अंतर्गत सेक्शन 289 एवं 125 (ए) के तहत प्रकरण कायम किया है। दोष सिद्ध होने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि महासमुंद से 25 किलोमीटर दक्षिण की ओर खल्लारी गांव की पहाड़ी के शीर्ष पर खल्लारी माता का मंदिर स्थित है। हर साल क्वांर और चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ इस पहाड़ी में दर्शन के लिए आती है। यहां हर साल चैत्र मास की पूर्णिमा के अवसर पर मेला लगता है। मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 800 सीढिय़ां चढऩी होती है। ऐसी मान्यता है कि महाभारत युग में पांडव अपनी यात्रा के दौरान इस पहाड़ी की चोटी पर आए थे।