महासमुन्द

समाधान योजना: 30 जून तक पंजीयन
23-Mar-2026 4:16 PM
समाधान योजना: 30 जून तक पंजीयन

महासमुंद, 23 मार्च। सरायपाली विद्युत संभाग अंतर्गत कुल 28,655 बीपीएल विद्युत कनेक्शनधारियों पर लगभग 49 करोड़ रुपए का बकाया है। समाधान योजना के तहत निर्धारित समय सीमा में पंजीयन कर शेष राशि का भुगतान करने पर इन्हें 42.33 करोड़ रुपए तक की छूट मिलेगी और मात्र 7.05 करोड़ रुपए का भुगतान करना होगा।  मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना का सर्वाधिक लाभ छुईपाली, बलौदा, पाटसेन्द्री, बसना ग्रामीण, सरायपाली ग्रामीण, गढफ़ुलझर एवं भंवरपुर वितरण केंद्रों के ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलेगा। विभाग द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। योजना के अंतर्गत निष्क्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल बकाया में 75 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं निष्क्रिय घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मूल बकाया में अधिकतम 50 प्रतिशत एवं अधिभार में 100 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान है। शेष राशि का भुगतान अधिकतम 6 किस्तों में किया जा सकता है। हालांकि किस्तों के साथ छूट का प्रतिशत क्रमश: कम होता जाएगा। सरायपाली विद्युत संभाग के कार्यपालन अभियंता टी के पटेल ने बताया कि योजना में पंजीयन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। उपभोक्ता केवल बीपी नंबर एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से मोर बिजली बिल एप या नजदीकी विद्युत कार्यालय में पंजीयन कर सकते हैं। जगरूकता एवं पंजीयन के लिए बुधवार से प्रत्येक वितरण केंद्र में साप्ताहिक बाजार एवं बड़े  गांवों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट