महासमुन्द

शौर्य मैराथन: शहीदों के बलिदान को नमन करते सैकड़ों दौड़े
23-Mar-2026 3:29 PM
शौर्य मैराथन: शहीदों के बलिदान को नमन करते सैकड़ों दौड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 मार्च। पूर्व सैनिक सेवा संघ महासमुंद एवं मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में नगर में ‘शौर्य मैराथन’ का आयोजन किया गया।

23 मार्च शहीद दिवस के एक दिन पूर्व 22 मार्च की प्रात: 6 बजे आयोजित इस दौड़ में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को नमन करते हुए सैकड़ों धावकों ने जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। मैराथन को दो श्रेणियों में आयोजित किया गया।

 6 किलोमीटर दौड़ फॉरेस्ट ग्राउंड से शहीद स्मारक खरोरा तक आयोजित हुई, जिसे मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक गौतम कुमार पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं 5 किलोमीटर दौड़ बरौंडा चौक से शहीद स्मारक खरोरा तक हुई, जिसका शुभारंभ जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर ने किया।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। 6 किलोमीटर श्रेणी में नोमेश चंद्राकर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार रुपए का पुरस्कार जीता, जबकि प्रियांशु साहू द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7 हजार रुपए और सुमीत ठाकुर तृतीय स्थान पर रहे, इन्हें 5 हजार रुपए  का पुरस्कार जीता।

 इसी प्रकार 5 किलोमीटर श्रेणी में गजेंद्र ठाकुर प्रथम को 7 हजार रुपए का पुरस्कार, रूपेश निषाद द्वितीय को 5 हजार रुपए और ओम प्रकाश यादव तृतीय को 3 हजार रुपए का पुरस्कार मिला। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

दौड़ का समापन खरोरा स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में हुआ, जहां मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने आयोजन की सराहना करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक गौतम कुमार पाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए देशहित एवं पूर्व सैनिक सेवा संघ को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। संघ के अध्यक्ष युवराज चंद्राकर ने सभी प्रतिभागियों के परिश्रम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. आशा जसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, मनोरमा इंडस्ट्रीज से विकास यादव एवं बाबूलाल शर्मा, पूर्व सैनिक सेवा संघ के सदस्य, अमर जवान पंकज चंद्राकर ग्रुप (बागबाहरा) के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट