महासमुन्द

प्रांतीय छत्तीसगढ़ी साहित्य सम्मेलन महासमुन्द में रविवार को, प्रदेशभर के साहित्यकार जुटेंगे
21-Mar-2026 4:35 PM
प्रांतीय छत्तीसगढ़ी साहित्य सम्मेलन महासमुन्द में रविवार को,  प्रदेशभर के साहित्यकार जुटेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,21मार्च। प्रान्तीय छत्तीसगढ़ी साहित्य समिति का 26वां छत्तीसगढ़ी साहित्य सम्मेलन 22 मार्च रविवार को स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में होगा। इस सम्मेलन में पूरे छत्तीसगढ़ के छत्तीसगढ़ी साहित्यकार जुटेंगे। प्रान्तीय अधिवेशन, परिचर्चा, पुस्तक विमोचन, सम्मान समारोह और वृहद कवि सम्मेलन इस आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे।

कल का कार्यक्रम दो सत्रों में आहुत होगा। पहले सत्र में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक आगन्तुक साहित्यकारों का पंजीयन होगा। पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुस्तक विमोचन, साहित्यकार स्मृति सम्मान, साहित्य व कला सम्मान होगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि योगेश्वर राजू सिन्हा विधायक महासमुन्द होंगे। येतराम साहू अध्यक्ष जिला स्काउट गाईड संघ महासमुन्द कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विशेष अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सौरिन चन्द्रसेन, सेवा निवृत प्राचार्य सरस्वती शिशु मंदिर संध्या शर्मा होंगी। स्वागत भाषण कान्हा कौशिक प्रांताध्यक्ष का होगा। सत्र संचालन प्रांतीय पदाधिकारी रुपेश तिवारी करेंगे।

दूसरा सत्र दोपहर ढाई बजे से प्रारंभ होगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि प्रभात मिश्रा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग होंगे। अध्यक्षता चन्द्रहास चन्द्राकर अध्यक्ष बीज विकास निगम छत्तीसगढ़ शासन करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व प्रांताध्यक्ष जे.आर. सोनी, संदीप दीवान सभापति रेडक्रास सोसायटी जिला महासमुंद, शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.करुणा दुबे एवं सहायक प्राध्यापक राजेश्वरी सोनी होंगी।

इस सत्र में महाविद्यालयीन छत्तीसगढ़ी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। इसके पश्चात डॉ. अनसुईया अग्रवाल प्राचार्य स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय के मुख्य प्रभार में विचार गोष्ठी एवं कवि गोष्ठी होगी। सत्र संचालन जिला सचिव टेकराम सेन करेंगे। प्रांताध्यक्ष कान्हा कौशिक, महासचिव डॉ.राजेश मानस व जिलाध्यक्ष बन्धु राजेश्वर खरे ने छत्तीसगढ़ी साहित्यकारों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील है ।


अन्य पोस्ट