महासमुन्द

एक साल कार्यकाल पूरा होने पर पालिकाध्यक्ष ने उपलब्धियां बताईं, कहा-पारदर्शिता, डिजिटल व्यवस्था, सफाई प्रमाण
21-Mar-2026 4:33 PM
एक साल कार्यकाल पूरा होने पर पालिकाध्यक्ष ने उपलब्धियां बताईं, कहा-पारदर्शिता, डिजिटल व्यवस्था, सफाई प्रमाण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 मार्च। नगर पालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर पत्रकार वार्ता आयोजित कर उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान उन्होंने नगर के विकास, पारदर्शिता और डिजिटल व्यवस्था को अपनी प्राथमिक उपलब्धियां बताते हुए उपाध्यक्ष द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को सीरे से खारिज किया और कहा कि उपाध्यक्ष ने सस्ती लोकप्रियता बटोरने का काम किया है और उनके पास उनके आरोपों का कोई सबूत नहीं हैं। 

पत्रकार वार्ता में नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी द्वारा लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोप पूरी तरह तथ्यहीन हैं। पालिका में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है और सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए गए हैं।

वार्ता के दौरान प्रस्तुत रिपोर्ट कार्ड में उन्होंने यह तथ्य भी सामने लाया कि पूर्व के सालों में डीजल खर्च में बड़ा अंतर आया था जो घटकर अब आधे से भी कम रह गया है। बताया कि वर्ष 2021-22 में 72.34, 2022-23 में 76.38 लाख, 23-24 में 79.32 लाख और 2024-25 में 62.09 लाख रुपए का डीजल खर्च हुआ था। जबकि वर्तमान में कार्यकाल 2025.26 में यह खर्च घटकर मात्र 29.33 लाख रुपए रह गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व कार्यकाल पर टिप्पणी नहीं करना चाहता लेकिन वर्तमान परिषद ने पारदर्शिता और सुनियोजित व्यवस्था के माध्यम से खर्च में नियंत्रण किया है। जो जनता के पैसे की सुरक्षा का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि पहले पालिका में 16 वाहन संचालित थे। अब उनकी संख्या बढक़र 25 हो गई है। इसके बावजूद डीजल खर्च में कमी आई है। परिषद ने  एक नई जेसीबी मशीन खरीदी है और अब कुल 4 जेसीबी यहां कार्यरत हैं। वहीं 9 में से पहले केवल 4 टिपर ही चल रहे थे। जिन्हें अब पूर्ण रूप से संचालित किया जा रहा है, 14 जर्जर टैंकरों की मरम्मत कर उन्हें चालू किया गया है। लिहाजा अब टैंकरों की संख्या बढक़र 21 हो गई है।

उन्होंने कहा कि नये प्रयासों से शहर की सफाई और जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आया है। निजी टैंकरों को पानी देने के आरोपों को भी अध्यक्ष ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज हैं और बिना दस्तावेज के आरोप लगाना उचित नहीं है।


अन्य पोस्ट