महासमुन्द

कई जगह दबिश, देशी-विदेशी शराब जब्त
21-Mar-2026 4:19 PM
कई जगह दबिश, देशी-विदेशी शराब जब्त

महुआ लाहन किया नष्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 मार्च। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस टीम ने पिथौरा, पटेवा, खल्लारी, सरायपाली और तेन्दुकोना चौकी बुंदेली क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों, होटलों और ढाबों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त करने के साथ ही महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया।

 थाना पिथौरा पुलिस ने ग्राम जंघोरा और बरतुंगा के ढाबों में छापामार कार्रवाई के दौरान ग्राम जंघोरा में आरोपी बलीराम पटेल को 33 पौवा देशी शराब कीमत 2640 रुपए के साथ गिरफ्तार किया। ढाबा-होटल में एक अन्य मामले में कवलजीत सिंह को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।

 बरतुंगा के एक ढाबे के पास खेत से लावारिस हालत में 35 पौवा देशी और 3 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने पटेवा के कोलपदर, खल्लारी के जोरातराई कमार डेरा, सरायपाली के बारडोली और बुंदेली क्षेत्रों में रेड कार्रवाई की। यहां अवैध महुआ शराब बनाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 110 किलो महुआ लाहन को नष्ट किया और शराब बनाने के लिए उपयोग में लाए जाने वाले सामानों को बरामद किया।


अन्य पोस्ट