महासमुन्द
महासमुंद, 21 मार्च। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 को लेकर प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। इस विधेयक के तहत अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध सख्त प्रावधान किए गए हैं, जिसमें छल, बल, प्रलोभन अथवा डिजिटल माध्यम से धर्म परिवर्तन कराने को संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध घोषित किया गया है।
भाजपा जिला महासमुंद के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने इस विधेयक का स्वागत करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह कानून प्रदेश की आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्री साहू ने कहा है कि हमारी आस्थाओं और विश्वास की सुरक्षा करना सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह विधेयक समाज में पारदर्शिता और न्याय व्यवस्था को मजबूत करेगा तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाएगा।