महासमुन्द

सर्वर मेंटेनेंस के चलते 5 दिन नहीं बंटेगा राशन
21-Mar-2026 3:16 PM
सर्वर मेंटेनेंस के चलते 5 दिन नहीं बंटेगा राशन

 महासमुंद के 3.60 लाख उपभोक्ता होंगे प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 मार्च। सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत राशन वितरण का कार्य आगामी 21 मार्च से 25 मार्च 2026 तक पूरी तरह ठप रहेगा।

 खाद्य संचालनालय के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष की समाप्ति और सॉफ्टवेयर अपडेशन की प्रक्रिया के चलते पूरे राज्य में सर्वर मेंटेनेंस का कार्य किया जाना है। ऐसे में जिले में इस तकनीकी सुधार के कारण जिले की सभी 593 राशन दुकानों में स्थापित ई-पॉस इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ  सेल मशीनें काम नहीं करेंगी। जिससे चावल, शक्कर और अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण नहीं हो सकेगा।

विभागीय सूत्रों के अनुसार हर महीने करोड़ों लाभार्थियों का डेटा सिंक किया जाता है। नए राशन कार्डों का जुडऩा, मृत या अपात्र सदस्यों के नाम काटना और ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड को सुरक्षित करना इस प्रक्रिया का मुख्य हिस्सा है। इसके अलावा सर्वर की गति बढ़ाने और कैश मेमोरी साफ  करने के साथ-साथ नए सिक्योरिटी पैच डाले जाएंगे। ताकि सिस्टम हैकिंग से सुरक्षित रहे। फिंगर प्रिंट न लेने या रसीद न निकलने जैसी तकनीकी शिकायतों को इस दौरान दूर किया जाएगा। फिजिकल सर्वर्स की कूलिंग और पाट्र्स की जांच भी की जाएगी। ताकि भविष्य में सिस्टम क्रैश न हो।

       महासमुंद जिले के सभी राशन विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे मुनादी या सूचना पटल के माध्यम से उपभोक्ताओं को इस बंदी की जानकारी दें कि 21 से 25 मार्च तक स्टॉक अपडेट की प्रक्रिया भी साथ-साथ चलेगी। इसके पश्चात 26 मार्च 2026 से राशन वितरण पुन: सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। इस बीच 5 दिन जिनके घर राशन समाप्त हो गया है उन्हें बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ेगा। वैसे भी प्राथमिकता और निराश्रित श्रेणी के परिवारों के पास अक्सर राशन का अतिरिक्त स्टॉक नहीं होता। 5 दिनों तक वितरण बंद रहने से इन 2.71 लाख से अधिक परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट खड़ा हो सकता है। अजय यादव जिला खाद्य अधिकारी महासमुंद के अनुसार जिले में कुल 3लाख,60 हजार 186 उपभोक्ता हैं। 2 लाख 68 हजार 933 प्राथमिकता और 2हजार 147 निराश्रित कार्डधारी हैं। सॉफ्टवेयर अपडेट करने के लिए राज्य भर में 5 दिनों के लिए वितरण बंद रखा गया है। 26 से पुन: सुचारु रूप से वितरण प्रारंभ हो जाएगा। उपभोक्ताओं के हित के लिए इसे अपडेट किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट