महासमुन्द
उद्यमी बनने का सपना देख रही महिलाएं दूसरे के खेतों में मजदूरी करने जा रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 मार्च। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई रीपा बनाम रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना महासमुंद जिले में बदहाली की ओर है। यहां काम करने वाली मजदूरी करने मजबूर हैंंंंंंंंं, गोबर से पेंट बनाने खरीदी गई करोड़ों की मशीनों में काम शुरू हुए बगैर ही कबाड़ में तब्दील हो गई हैं।
रीपा भवन में धूल खाते पड़ी इन मशीनों में अब जंग लग चुकी हैं। अब तो महीनों बिजली बिल नहीं पटाने पर रीपा भवन का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है। जिन मशीनों से महिलाओं को किस्मत बदलनी थी, वे खुद जंग से हार गये हैं। विडंबना यह है कि सरकार ने करोड़ों की मशीनें तो खरीद ली लेकिन बिजली बिल नहीं पटाया।
कांपा रीपा केन्द्र में बिजली कंपनी ने बकाया भुगतान न होने पर कनेक्शन काट दिया है। यहां दो साल से सन्नाटा पसरा है। जो महिलाएं कभी उद्यमी बनने का सपना देख रही थीं, वे आज पेट पालने के लिए दूसरे के खेतों में मजदूरी करने जा रही हैं।
ग्राम पंचायत कांपा, बिरकोनी, बी के बागबाहरा, एमके बाहरा, तिलाईदादर, पिथौरा के बगारपाली और गोड़बहाल, बसना ब्लॉक के ग्राम नवागांव और चिमस्केल, सरायपाली के चिरको और भुथिया जैसे गांवों में रीपा के तहत इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किए गए थे। यहां ईंट, कील, गोबर पेंट और बैला बनाने के आधुनिक मशीनें खरीदी गई थीं। इन पर एक करोड़ रुपए ंसे अधिक की राशि खर्च हुई। लेकिन आज हकीकत यह है कि दो साल बीत जाने के बाद भी अधिकांश केंद्रों में काम शुरू नहीं हुआ है। यहां के बाउंड्रीवाल से लोहे के एंगल चोरी हो रहे हैं। गोबर पेंट पेंट मशीनें कबाड़ बन चुकी हैं।
इस मामले में महासमुंद जनपद सीईओ भरनसिंह मंडावी का कहना है कि महिला समूहों के काम के लिए नया प्रस्ताव आ गया है और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि बिजली बिल के भुगतान न होने से काम प्रभावित हैं। लेकिन अब राशि जमा कराकर व्यवस्था सुधार की जावेगी।
समूह की महिलाओं का कहना है कि उन्हें बड़े सपने दिखाकर जोड़ा गया था। दोना-पत्तल बनाने, पेंट बनाने वाली मशीनें कभी शुरू ही नहीं हुई। गोबर पेंट जैसी आधुनिक मशीनों से बड़ी आय की उम्मीद थी। अब ये मशीनें कबाड़ हो चुकी हैं। बीज प्रसंस्करण केंद्र और गोदाम की स्थिति भी बदहाल है। छत की ढलाई तक नहीं हुई हैं।