महासमुन्द

कार से साढ़े 54 लाख की चांदी जब्त, रायपुर के 2 से पूछताछ
19-Mar-2026 4:26 PM
कार से साढ़े 54 लाख की चांदी जब्त, रायपुर के 2 से पूछताछ

ओडिशा से रायपुर ले जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 19 मार्च। ओडिशा से आ रही एक कार से महासमुंद पुलिस ने 21 किलो चांदी बरामद किया है। बरामद चांदी की कीमत 54 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। जिले के टेमरी नाके पर चेकिंग के दौरान यह चांदी पकड़ी गई। वाहन में रखे कई बैगों में चांदी के जेवरात भरे हुए थे। यह कामयाबी कोमाखान पुलिस को जांच अभियान के दौरान मिली है।

मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को कोमाखान पुलिस टेमरी नाके पर संदिग्ध गाडिय़ों की जांच कर रही थी। इसी दौरान खरियार रोड की तरफ  से आ रही एक सफेद रंग की सेलेरियो कार को रोका गया। कार में सवारों की पहचान टिकेश कुमार साहू उरला रायपुर और विरेन्द्र प्रधान टिकरापारा रायपुर के रूप में हुई।

 पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो बीच वाली सीट पर तीन संदिग्ध बैग मिले। पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि बैग में चांदी के आभूषण हैं, जिन्हें वे ओडिशा से रायपुर ले जा रहे हैं।            

उक्त बैगों को खोलने पर पुलिस को 10 प्लास्टिक के डिब्बों में 41 पैकेट मिले। जिनमें विभिन्न प्रकार के चांदी के फैंसी आभूषण भरे हुए थे। तौल करने पर चांदी का कुल वजन 21.089 किलो निकला। जिसकी बाजार दर लगभग 54 लाख 60 हजार रुपए है। पुलिस ने चांदी के गहने व परिवहन में प्रयुक्त कार कीमत 5 लाख रुपए को जब्त किया है।

पुलिस का कहना है कि चांदी परिवहन के संबंध में कार सवारों से वैध दस्तावेज और रसीदें मांगी गई। इसके लिए उन्हें धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस भी जारी किया गया। हालांकि विरेन्द्र प्रधान और टिकेश साहू कोई भी संतोषजनक या वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। अत:कोमाखान पुलिस ने जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कार्रवाई की है।  पुलिस अब इस मामले में आगे की वैधानिक जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी कहां से लाई जा रही थी और इसका असली मालिक कौन है।


अन्य पोस्ट