महासमुन्द
महासमुंद,19 मार्च। नेशनल हाईवे-53 पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोडारबांध तुमगांव में इस वर्ष भी वासंती चैत्र नवरात्र महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज गुरुवार से नौ दिवसीय आयोजन शुरू हो गया है।
कोडार के मनोरम तट पर स्थित इस मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित किए हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष किशोर चंद्राकर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को घट स्थापना की गई।
शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह 11.30 से दोपहर 12.30 बजे के बीच ज्योति प्रज्ज्वलित किया गया है। नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में विशेष साज-सज्जा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आहुत होंगे।
23 मार्च सोमवार को पंचमी तिथि पर माता का भव्य श्रृंगार और विशेष पूजा होगी। 25 मार्च बुधवार सप्तमी तिथि को शक्ति की आराधना हेतु काल निशा पूजा संपन्न होगी। 26 मार्च गुरुवार को अष्टमी हवन के बाद 27 मार्च को नवमी पर कन्याभोज, प्रसादी वितरण आदि निर्धारित है।