महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मार्च। जिले में शिक्षा विभाग की एक गंभीर चूक के कारण आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन अव्यवस्था का माहौल रहा। सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत संचालित इग्नाइट स्कूलों में गणित के प्रश्न पत्र ने शिक्षकों और परीक्षार्थियों के पसीने छुड़ा दिए।
विभाग की अदूरदर्शिता का आलम यह था कि प्रश्न पत्र में उत्तर लिखने के लिए निर्धारित स्थान ही नहीं छोड़ा गया था। कहा जा रहा है कि निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार प्रश्न पत्र सह उत्तर पुस्तिका के रूप रूप में पेपर तैयार किए जाने थे। जिसमें प्रश्न के ठीक प्रिटिंग के दौरान तकनीकी त्रुटि हुई है। इस मामले में जानकारों का कहना है कि प्रश्न पत्र प्रिंटिंग के दौरान हुई यह तकनीकी त्रुटि सीधे तौर पर विभाग की निगरानी पर सवाल उठाती है। गणित के पेपर में इस तरह की चूक बच्चों के मानसिक दबाव को बढ़ाती है। हालांकि मौके पर वैकल्पिक व्यवस्था कर बच्चों का साल खराब होने से बचा लिया गया। एक ओर विभाग शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सीबीएसई पैटर्न और इग्नाइट स्कूलों जैसे प्रयोग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रश्न पत्र तैयार करने जैसी मूलभूत जिम्मेदारी में इतनी बड़ी लापरवाही विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
ब्लॉकवार स्थिति यह है कि बसना ब्लॉक में 15 परीक्षार्थी हैं। जबकि अन्य ब्लॉकों में यह संख्या 40 से 45 के बीच है। केवल इग्नाइट ही नहीं बल्कि सामान्य सीजी बोर्ड स्कूलों में भी केंद्रीकृत परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका में स्थान की कमी देखी जा रही है। जिससे होनहार छात्रों को अपना उत्तर विस्तार से लिखने में परेशानी हो रही है।
महासमुंद जिले भर में लगभग 150 बच्चे इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। कल जब परीक्षा केंद्रों में बंडल खोले गए तो शिक्षक यह देखकर दंग रह गए कि पर्चे में जगह ही गायब है।
गणित जैसे विषय में, जहां रफ कार्य और स्टेप-वाइज गणना की जरूरत होती है। वहां जगह न होने से परीक्षा संपन्न कराना एक चुनौती बन गया। ऐसे में पुरानी उत्तर पुस्तिकाओं ने विभाग की लाज बचा ली। इस संबंध में डीईओ विजय लहरे से ‘छत्तीसगढ़’ ने संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।