महासमुन्द

बेलसोंडा फि ल्टर प्लांट के मोटर पंप, संयंत्रों-उपकरणों की होगी मरम्मत
19-Mar-2026 3:30 PM
बेलसोंडा फि ल्टर प्लांट के मोटर पंप, संयंत्रों-उपकरणों की होगी मरम्मत

पीआईसी की बैठक में सुगमता पूर्वक जल उपलब्ध कराने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 मार्च। नगर पालिका सभाकक्ष में आज बुधवार को अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में प्रेसिडेंट इन कौंसिल पीआईसी की बैठक आहूत की गई। जिसमें नपाध्यक्ष सहित पीआईसी मेंबरों ने नगर विकास के प्रमुख मुद्दों पर सहमति जताई। इस दौरान नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि बैठक में प्रस्तावित एजेंडों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कुल 33 प्रस्तावों को बैठक में रखा। जिसमें सभी ने सहमति जताते हुए तत्काल स्वीकृति हेतु सहमति जताई।  श्री साहू ने कहा कि हम सभी का यह प्रयास होना चाहिए कि नगर वासियों को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिले। इसके लिए सभी को एकमत होकर पालिका व जनहित के कार्यों पर विचार करना होगा। श्री साहू ने इस बात पर जोर दिया कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए नागरिकों तक जल आपूर्ति सरल एवं सुचारू रूप से हो सके। पीआईसी की बैठक में प्रमुख रूप से जाति एवं निवास संबंधी आवेदनों के निराकरण, ग्रीष्म ऋतु के पूर्व फिल्टर प्लांट बेलसोंडा के मोटर पंप, संयंत्र, उपकरणों की मरम्मत कार्य कराये जाने के संबध में चर्चा हुई।  पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी उपलब्ध कराने यह कार्य अत्यंत आवश्यक है। पालिका क्षेत्र के निवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह कार्य महत्वपूर्ण है।

 जिसे समस्त सदस्यों ने सहर्ष सहमति दी। इसके अलावा 15 वें वित्त की शेष राशि से बिजली बिल का भुगतान करने, निकाय क्षेत्र अंतर्गत वार्डों में पार्षद निधि व अन्य निधि से चबुतरा निर्माण कर पानी टंकी स्थापना कार्य, एबीसी सेंटर का संचालन कार्य हेतु सामग्री क्रय करने, भवन भूमि नामांतरण प्रकरणों का आगे बढ़ाने, विभिन्न वार्डों में अध्यक्ष व पार्षद निधि से विभिन्न मरम्मत कार्य, निर्माण कार्य कराए जाने पर प्रस्ताव पारित किए गए। इस तरह कुल 33 एजेंडों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।

 इस अवसर पर प्रमुख रूप से नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति सूरज नायक, ज्योति चंद्राकर,  ईश्वरी भोई, गुलशन साहू, जय देवांगन, सीएमओ अशोक सलामे, इंजीनियर हेमंत पिस्दा, साधना अहिरवार, लेखापाल करण यादव, पीडब्ल्यूडी नरेश ध्रुव, विद्युत विभाग से सीताराम तेलक, राजस्व विभाग से दिलीप चंद्राकर, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नौशाद बक्श, यशवंत ठाकुर व अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट