महासमुन्द

मवेशी तस्करी, ओडिशा के दो गिरफ्तार
17-Mar-2026 3:09 PM
मवेशी तस्करी, ओडिशा के दो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 मार्च। महासमुंद जिले के थाना बसना में मवेशी तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में मवेशियों को अवैध रूप से परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। एक मामले में पुलिस ने पिकअप से 6 भैंसे बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरे मामले में चालक पुलिस को देखकर वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मवेशियों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 15 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर अवैध रूप से तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम खटखटी से बसना की ओर आ रहे पिकअप वाहन क्रं. सीजी 06 जीजी 5574 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक पिकअप को सडक़ किनारे छोडक़र मौके से फरार हो गया।

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर पिकअप के डाले में तीन लाल रंग के बैल रस्सी से बंधे हुए पाए गए। बैलों को बिना चारा-पानी के ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर मवेशियों तथा वाहन को जब्त कर लिया। फरार चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

वहीं एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने ग्राम खटखटी की ओर से आ रहे एक अन्य पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन में छह भैंसे भरे हुए पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वे भैंसों को ओडि़शा के कत्लखाने ले जा रहे थे। मवेशियों के परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

               पूछताछ में आरोपियों की पहचान भक्तान मेहेर उर्फ  पिंटू तथा जोगा कालिया दोनों निवासी ओडिशा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह भैंसें, जिनकी कीमत लगभग एक लाख 27 हजार रुपए बताई जा रही है, एक महिंद्रा पिकअप तथा एक मोबाइल जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है।


अन्य पोस्ट