महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 मार्च। कार में बड़ी मात्रा में नगदी रकम परिवहन करते दो व्यक्तियों को चेकिंग के दौरान कोमाखान पुलिस ने पकड़ा है। कार के अंदर 500-500 रुपए का कुल 150 बंडल जुमला 75 लाख रुपए बरामद किया गया है। वाहन में सवार व्यक्ति को नोटों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया लेकिन उन्होंने कागजात नहींं जमा किया। लिहाजा उन्हें धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने नोट परिवहन में प्रयुक्त कार, मोबाइल एवं नगदी सहित कुल जब्ती कीमती 85 लाख,10 हजार रुपए को बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार टेमरी नाका में 16 मार्च को वाहन चेकिंग के दौरान खरियार रोड ओडिशा की ओर से आ रही सफेद रंग की होण्डा कार क्रमांक ओडी 05 पीबी 2122 को रोककर चालक नाम पता पूछा। उसने पुलिस को अपना नाम राजेन्द्र महानंद ओडिशा और चालक सीट के बाजू में बैठा व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन ओडिशा बताया।
उक्त कार के बीच सीट में नीला रंग के बैग में रखे सामान के संबंध में पूछताछ करने पर महाप्रज्ञा जैन ने बताया कि सोना-चांदी खरीदी बिक्री का नगदी रकम 75 लाख रुपए है जिसे मनोहर मका एण्ड कंपनी एवं 60 ज्वेलर्स रायपुर को देने हेतु कांटाबांजी से रायपुर लेकर जा रहे हैं।
उक्त वाहन में रखे नीला रंग के बैग की तलाशी लेने पर बैग के अंदर 500-500 सौ नोटों का बंडल प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट कुल 150 बंडल जुमला 75 लाख रुपए मिला। उक्त नोटों के संबंध में वैध कागजात पेश करने कहा गया। कागजात न मिलने पर धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस तामील किया गया।
नोटिस में महाप्रज्ञ जैन द्वारा कोई कागजात नहीं होना लिखित में दिये जाने पर कार्रवाई करते हुए कुल संपत्ति कीमती 85 लाख, 10 हजार रुपए को जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति में एक वाहन होण्डा कार ओडी 05 पीबी 2122 इस्तेमाली कीमत 10 लाख, 75 लाख नगद, एक मोबाइल कीमत 10 हजार रुपए शामिल हैं।