महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 मार्च। जिले की कोमाखान पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में दाल और शक्कर बरामद की है। आरोपियों ने रायपुर से झारखंड के चाईबासा भेजे जा रहे माल को रास्ते में ही छिपा दिया था।
पुलिस के अनुसार गुढिय़ारी रायपुर निवासी गौतम चंद सेठिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मार्च को लगभग 30 मीट्रिक टन दाल और शक्कर कीमत करीब 16.50 लाख रुपए ट्रक से चाईबासा के लिए भेजा गया था।
ट्रक चालक झनक नायक निवासी बसना और परिचालक संतोष आदिवासी निवासी सागर मध्यप्रदेश माल लेकर निकले थे। लेकिन निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंचे। बाद में दोनों ने मोबाइल बंद कर दिया और खाली ट्रक को ग्राम सिघोड़ा के पास खड़ा कर फरार हो गए।
शिकायत के बाद कोमाखान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पतासाजी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने माल को ग्राम पटपरपाली एनएच-353 स्थित एक मकान में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। पुलिस ने वहां से बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है।
बरामद सामान में 200 क्विंटल शक्कर की 420 बोरी, राहर दाल, मसूर दाल, मूंग, काबुली चना, राजमा, उड़द दाल, तुअर दाल, चना दाल सहित विभिन्न प्रकार की दालों के सैकड़ों बैग शामिल हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 16.50 लाख रुपए बताई गई है। वहीं एक ट्रक कीमत लगभग 20 लाख रुपए को भी जब्त किया गया है। इस तरह कुल 36.50 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।