महासमुन्द
महासमुंद में 345 न्योता भोज में 6005 बच्चे हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17मार्च। समाज और शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में आंगनबाड़ी केन्द्रों में शुरू किया गया न्योता भोज कार्यक्रम पोषण, शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता का एक अनूठी पहल है। यह बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के साथ-साथ समाज को शिक्षा और बाल विकास से जोडऩे का प्रभावी माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जनवरी 2026 से महासमुंद जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में पालकों, दानदाताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों द्वारा विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन, वर्षगांठ या पारिवारिक खुशी पर बच्चों के साथ भोजन साझा करने की परंपरा शुरू की गई है। इस पहल के तहत आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर बच्चों के साथ खुशियां बांट रहे हैं और उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। इसी क्रम में कल जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 26 स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास टिक्वेन्द्र जटवार ने अपने पुत्र के जन्मदिवस के अवसर पर नेवता भोज का आयोजन किया। जहां पर आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों को खीर, पूड़ी, केला, चावल, दाल एवं सब्जी जैसे पौष्टिक व्यंजन परोसे गए। बच्चों ने उत्साह पूर्वक एवं खुश-खुशी भोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर श्री जटवार ने कहा कि इस पहल से बच्चों में आंगनबाड़ी केन्द्रों के प्रति आकर्षण भी बढ़ रहा है। उन्होंने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और दानदाताओं से अपील की है कि वे अपने परिवार के शुभ अवसरों को आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के साथ साझा करें। इससे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
महासमुंद जिले में आंगनबाड़ी केन्द्रों में जनवरी 2026 से शुरू नेवता भोज कार्यक्रम के माध्यम से फरवरी 2026 तक 345 आयोजनों में कुल 6005 बच्चों को लाभान्वित किया गया है। जिसमें बागबाहरा विकासखंड में कुल 98 आयोजनों में 1489 बच्चों को पोषक आहार प्रदान किया।
इसी तरह महासमुंद ग्रामीण अंतर्गत 23 आयोजनों के माध्यम से 455 बच्चे एवं महासमुंद शहरी अंतर्गत 25 आयोजनों में 545 बच्चे लाभान्वित हुए हैं। इसी तरह बसना विकासखण्ड में 67 आयोजनों में 1048 बच्चों को, पिथौरा में 65 आयोजनों के माध्यम से 1303 बच्चों को एवं सरायपाली विकासखण्ड में 67 आयोजनों में 1165 बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया है।