महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 मार्च। वन्यजीव अपराध से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। इसके बाद वन विभाग ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। विभाग के अनुसार मामले में वन्यजीवों के शिकार और प्रतिबंधित सामग्री रखने से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार बलौदाबाजार वनमंडल को वन्यजीव अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम अल्दा में एक व्यक्ति के घर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान तेंदुआ के दांत, जंगली जानवर के मांस के टुकड़े, जीआई तार और भाले जैसे उपकरण बरामद किए जाने की जानकारी विभाग ने दी है। इन सामग्रियों को वन विभाग ने जब्त कर लिया।
विभाग के मुताबिक तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी मौके से भाग गया था। इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर आसपास के क्षेत्रों में खोज अभियान चलाया गया और डॉग स्क्वाड की मदद भी ली गई।
इस मामले में एक अन्य आरोपी पहले से ही न्यायिक अभिरक्षा में है। वन विभाग के अनुसार उसके घर की तलाशी के दौरान सॉफ्ट शेल कछुए का प्लास्ट्रॉन और लंगूर की खोपड़ी बरामद की गई थी। विभाग का कहना है कि सॉफ्ट शेल कछुआ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 तथा लंगूर अनुसूची-2 में संरक्षित प्रजातियों में शामिल है। वन अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों की जांच की जा रही है ।
\और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।
वन विभाग के मुताबिक आरोपी ने कसडोल स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में आत्मसमर्पण किया। अदालत से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग ने उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया।