महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 मार्च। जिला शिक्षा विभाग द्वारा आगामी पांचवीं और आठवीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल शुक्रवार को स्थानीय समन्वय केंद्र, आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम हाईस्कूल के सभागार में परीक्षा से संबंधित अत्यंत गोपनीय सामग्रियों का वितरण किया गया।
कल जिले भर से बड़ी संख्या में प्रधान पाठक और शिक्षक सामग्री लेने पहुंचे। विभाग के अनुसार कक्षा पांचवीं के 1485 और आठवीं के 644 केंद्राध्यक्षों को सामग्री सौंपी गई है। सुरक्षा के लिहाज से इन सामग्रियों को 5 विशेष बसों के माध्यम से जिले के 16 थानों में शाम 5 बजे तक जमा कराया गया। अब जिस निर्धारित तिथि को जिस विषय की परीक्षा होगी, उसी दिन पूरी पारदर्शिता के साथ इन पैकेटों को केंद्रों पर खोला जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले साल 2024-25 में इन परीक्षाओं को लेकर काफी कानूनी अड़चनें आई थीं। पिछले साल हाईकोर्ट के स्टे और छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन की याचिका के कारण निजी स्कूलों को छूट मिल गई थी। साथ ही पाठ्यक्रम के अचानक बदलाव के कारण तैयारी का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया था। लेकिन इस साल 2025-26 के लिए शासन ने पहले ही स्थिति स्पष्ट कर दी है, ताकि किसी भी प्रकार का भ्रम न रहे।
इस साल जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों सीबीएससी, आईसीएसई को छोडक़र कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर होगी। इस बार कुल 36 हजार 428 विद्यार्थी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। कक्षा 5 वीं में 18 हजार 191 परीक्षार्थी 1485 केंद्रों में और कक्षा 8 वीं में 18 हजार 237 परीक्षार्थी 644 केंद्रों में परीक्षा देंगे। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बाद इस बार निजी स्कूलों को भी इस प्रक्रिया में शामिल होना अनिवार्य कर दिया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार इस बार क्रॉस-चेकिंग व्यवस्था लागू की गई है। जिसके तहत उत्तर पुस्तिकाओं की जांच जिला स्तर पर दूसरे स्कूलों के शिक्षकों द्वारा की जाएगी। निर्धारित समय सीमा के अनुसार 15 अप्रैल 2026 तक मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके पश्चात 30 अप्रैल 2026 को पूरे प्रदेश के साथ महासमुंद जिले का परिणाम भी एक साथ घोषित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार इस पहल का मूल उद्देश्य छात्रों के भीतर से बोर्ड परीक्षा मनोवैज्ञानिक दबाव को खत्म करना है। शिक्षा के अधिकार आरटीई के कक्षा 8वीं तक जनरल प्रमोशन मिलने कारण छात्र जब सीधे 10वीं की परीक्षा में बैठते हैं, तो वे तनाव महस करते हैं। सहायक संचालक नंद कुमार सिन्हा कहते हैं कि इसे केंद्रीयकृत बोर्ड नाम दिया गया है ताकि बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत हो और उन्हें शुरू से ही बोर्ड जैसा माहौल मिल सके।