महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 मार्च। पतंजलि योग समिति जिला महासमुंद के तत्वावधान में ग्राम भगतदेवरी में 11 मार्च से 13 मार्च तक तीन दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और योग के महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। तीनों दिनों तक चले इस शिविर में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से भी लोग शामिल हुए और नियमित रूप से योग का अभ्यास किया।
योग शिविर में पतंजलि योग समिति के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तिलक साव ने उपस्थित लोगों को विभिन्न प्रकार के योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव दूर होता है और व्यक्ति निरोगी जीवन जी सकता है।
शिविर के आयोजन की व्यवस्था किसान पंचायत के प्रभारी गणेशराम साहू द्वारा की गई।