महासमुन्द

विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स 1.4 मिनट में 400 मीटर दौड़ा महासमुंद का लकी, मिला रजत
14-Mar-2026 3:53 PM
विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स  1.4 मिनट में 400 मीटर दौड़ा महासमुंद का लकी, मिला रजत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 मार्च। विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स 2026 का आयोजन नई दिल्ली में 9 से 13 मार्च तक किया गया। जिसमें भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ से एक मात्र खिलाड़ी महासमुंद जिले के लक्की यादव शामिल रहे।

विश्व पैरा एथलेटिक्स खेल में महासमुंद जिले के राष्ट्रीय खिलाड़ी लक्की यादव पिता कुमार यादव ग्राम तुमाड़बरी विकासखंड व जिला महासमुंद के निवासी हैं, वन विद्यालय सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक महासमुंद में प्रतियोगिता की तैयारी करने में प्रदीप चंद्राकर, निरंजन साहू के मार्गदर्शन में सफलता हासिल की।

लक्की यादव के साथ प्रशांत निषाद गाईड रनर एवं ऑफिशियल एवं प्रशिक्षक निरंजन साहू संचालक फॉच्र्यून फाउंडेशन महासमुंद भी दिल्ली गये थे। लक्की यादव वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी करते हुए विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स में क्वालीफाई करने में कामयाब रहे।

विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स 2026 में लक्की ने 1500 मीटर दौड़ में पहले दो राउंड में अपनी बढ़त बनाए रखा लेकिन अंतिम राउण्ड में पदक प्राप्त नहीं कर सके और छठवां स्थान पर रहे। 12 मार्च को लक्की ने 400 मीटर दौड़ में एक बार फिर से बेहतर प्रर्दशन करते एवं बढ़त बनाए रखा एवं 1 मिनट 04 सेकण्ड में दौड़ पूरी कर रजत पदक अपने नाम किया।


अन्य पोस्ट