महासमुन्द
महासमुंद,13 मार्च। हिंदू पंचांग और सनातन परंपरा के अनुसार साल 2026 में मार्च महीने का खरमास 14 मार्च से प्रारंभ होकर 14 अप्रैल 2026 तक रहेगा। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार 14 मार्च की रात 1.02 बजे सूर्य देव के मीन राशि में प्रवेश करते ही खरमास की शुरुआत मानी जाएगी। इसके साथ ही अगले एक माह तक विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे सभी शुभ व मांगलिक कार्यों के आयोजन पर पूरी तरह रोक लग जाएगी। क्षेत्र के ज्योतिषाचार्य पंडित सुधीर पाठक ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार जब सूर्यदेव बृहस्पति की राशियों धनु या मीन में प्रवेश करते हैं, तब यह काल प्रारंभ होता है। यही कारण है कि वर्ष में दो बार खरमास आता है जो सामान्यत: मार्च-अप्रैल और नवंबर-दिसंबर के बीच पड़ता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस अवधि में सूर्य की गति धीमी या मलीन मानी जाती है। इसलिए किसी भी नए कार्य की शुरुआत वर्जित है।
नगर पंडित पकज तिवारी के अनुसार कल 14 मार्च को खरमास के प्रारंभ के साथ ही पुण्यकाल का विशेष महत्व रहेगा। इस दिन पुण्यकाल सुबह 6.31 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक रहेगा। जबकि महापुण्य काल का समय सुबह 6.31 बजे से 8.31 बजे तक रहेगा। इस दौरान स्नान, दान और पूजा-पाठ का अनंत फल प्राप्त होता है। भले ही खरमास में मांगलिक कार्य वर्जित हों, लेकिन आध्यात्मिक दृष्टि से यह समय भगवान विष्णु और सूर्य देव की आराधना के लिए अत्यंत शुभमाना गया है। उन्होंने सलाह दी है कि इस अवधि में व्यक्ति को सूर्योदय से पहले उठकर स्नान ध्यान करना चाहिए और सूर्य देव को अघ्र्य देना चाहिए। साथ ही आदित्य हृदय स्तोत्र और श्विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ भी लाभकारी है।