महासमुन्द
महासमुंद,13 मार्च। सरायपाली के ग्राम सिंगबहाल के सरकारी स्कूल में ग्रामीणों के तालाबंदी और विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने मोबाइल में व्यस्त रहने और अध्यापन कार्य में लापरवाही बरतने की आरोपी प्रधान पाठक कांचन भोई को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए शासकीय प्राथमिक शाला सुखापाली स्थानांतरित कर दिया है।
मालूम हो कि ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल में ताला जडक़र जमकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि शिक्षिका पिछले 27 वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ होने के कारण मनमानी कर रही थीं और बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहती थीं। इस गंभीर मुद्दे को लेकर 11 मार्च को ग्रामीणों ने शिक्षिका को हटाने की मांग करते हुए स्कूल में ताला जडक़र प्रदर्शन किया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया और कार्रवाई की गई।
बीईओ से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्राम सिंगबहाल के समस्त ग्रामवासियों ने 17 फरवरी को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि शिक्षिका का स्थानांतरण नहीं किया गया, तो स्कूल में तालाबंदी की स्थिति निर्मित होगी।