महासमुन्द
बैंक में अव्यवस्था से परेशान किसान-अंकित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 12 मार्च। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंकित बागबाहरा ने किसानों की अंतर राशि (बोनस/अंतर भुगतान) आहरण के दौरान जिला सहकारी बैंक शाखाओं में अव्यवस्था और किसानों से कथित वसूली का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसान अपने खाते से राशि निकालने बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंकित ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर किसानों को अपने ही पैसे निकालने के लिए कथित रूप से कमीशन देने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान सुबह से घर से निकलकर बैंक पहुंचते हैं और दिनभर धूप में बैठे रहते हैं। लंबे इंतजार के कारण उन्हें भूखे-प्यासे रहना पड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बैंक परिसर में किसानों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। खासकर महिला किसानों के लिए शौचालय और छांव जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कई महिलाओं को जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
अंकित बागबाहरा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले की सभी बैंक शाखाओं में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जब यह पहले से ज्ञात है कि बड़ी संख्या में किसान राशि निकालने बैंक आएंगे, तो बैंक शाखाओं में पर्याप्त नकदी और उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस दौरान अंकित बागबाहरा ने बैंक के बाहर इंतजार कर रहे किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें शीतल पेय वितरित किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।