महासमुन्द

नशीली दवाओं संग एक आरोपी गिरफ्तार
12-Mar-2026 4:47 PM
नशीली दवाओं संग एक आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 12 मार्च। अवैध नशीली दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक टॉस्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक टॉस्क फोर्स तथा थाना बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध रूप से नशीली दवाओं का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 10 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीली दवा तथा इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके अलावा नशीली दवाओं के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रं. सीजी 06 एच, 2710 भी जब्त की गई। जब्त दवाओं और वाहन की कुल कीमत लगभग 77 हजार 758 रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी संतोष पोर्ते भूलका सरायपाली थाना बसना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।


अन्य पोस्ट