महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 मार्च। महासमुंद जिले के राष्ट्रीय पैरा एथलीट लक्की यादव नई दिल्ली में आयोजित होने वाली विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हो चुके हैं।
9 से 13 मार्च तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लक्की दुनिया भर के खिलाडिय़ों को चुनौती देंगे। ग्राम तुमाड़बरी विकासखंड महासमुंद के निवासी लक्की यादव ने अपनी इस सफलता के पीछे कड़ी मेहनत की है।
उन्होंने पूर्व सैनिक प्रदीप चंद्राकर के मार्गदर्शन में वन विद्यालय के सिंथेटिक ट्रैक में प्रैक्टिस किया है। लक्की के साथ उनके गाइड रनर प्रशांत निषाद और प्रशिक्षक व फॉच्र्यून फाउंडेशन के संचालक निरंजन साहू भी इस मिशन पर उनके साथ हैं। लक्की केवल पहली बार चर्चा में नहीं आए हैं, बल्कि उनका ट्रैक रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। 2022-23 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 100 मीटर में कांस्य पदक, 400 और 1500 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर कब्जा किया। साल 2023 से 2026 तक लगातार राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहकर उन्होंने अंतत: ग्रांड प्रिक्स के लिए क्वालीफाई की है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ हेमंत नंदनवार और जिला पैरा स्पोट्र्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित समाज कल्याण विभाग और खेल विभाग के अधिकारियों ने लक्की को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने कहा है कि लक्की की यह उड़ान केवल उनकी अपनी नहीं, बल्कि हर उस खिलाड़ी की है जो सीमित संसाधनों में बड़े सपने देखता है।