महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। छत्तीसगढिय़ा स्वर्णकार महिला मंडल द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन शीतला मंदिर के समीप स्वर्णकार महिला मंडल सामुदायिक भवन में किया गया। होली मिलन का उत्सव अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में रंगों, प्रेम और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह का शुभारंभ भगवान राधा-कृष्ण की मूर्ति की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीतों और राधा-कृष्ण के भजनों पर जमकर नृत्य किया। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गिले-शिकवे भुलाते हुए सभी ने सामाजिक एकता का संदेश दिया।
महिला मंडल की अध्यक्ष सरला सोनी ने सभी को होली और महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें स्वयं पर दृढ़ विश्वास और आत्मविश्वास रखना चाहिए। समाज की एकजुटता और सुदृढ़ीकरण के लिए हमें निरंतर प्रयास करने होंगे।
मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद ईश्वरी भोई ने अपने उद्बोधन में स्वर्णकार समाज की महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और समाज के विकास में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
संस्कारों की परंपरा को निभाते हुए कार्यक्रम में समाज की वरिष्ठ सदस्य दुर्गा पोद्दार एवं लता सोनी का विशेष सम्मान कर उनसे आशीर्वाद लिया गया। इस अवसर पर संगठन की पदाधिकारी और सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। जिनमें नीता सोनी उपाध्यक्ष, राखी सोनी कोषाध्यक्ष, पूर्णिमा सोनी सचिव, सदस्य रेणु सोनी, डाली चौधरी, बरखा सोनी,कुंती सोनी, सारिका सोनी, शिखा सोनी, प्रतिमा सोनी, अंजली सोनी, पूजा सोनी,भावना सोनी, रिंकी सोनी, नंदिनी सोनी, श्वेता सोनी एवं सरिता सोनी सहित समाज की अन्य महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल थीं।