महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि रसोई गैस के दाम बढ़ाकर भाजपा ने गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर डाका डाला है। उन्होंने कहा है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए की बढ़ोतरी कर केंद्र की भाजपा सरकार ने एक बार फिर देश की गरीब, मध्यम वर्गीय और मेहनतकश जनता पर महंगाई का भारी बोझ डाल दिया है। हैरानी की बात यह है कि खुद केंद्र सरकार और इंडियन आयल कॉरपोरेशन ने हाल ही में कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उसके बाद भी गैस के दामों में वृद्धि किया जाना जनता से लूट जैसा कृत्य है।
श्री चंद्राकर ने बताया कि कॉरपोरेशन ने सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को भी खारिज किया है, जिनमें देश में ईंधन की कमी का दावा किया जा रहा था। देश के पास कई स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति उपलब्ध है, जो संभावित बाधाओं से कहीं अधिक है। ऐसी स्थिति में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और सप्लाई भी पर्याप्त है, तो फिर रसोई गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी क्यों की गई? भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में लगभग 115 रुपए की बढ़ोतरी कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है।