महासमुन्द
बरडीह इलाके में फैली दहशत वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मार्च। बसना वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरडीह और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक जंगली भालू देखे जाने से हडक़ंप मच गया। भालू की मौजूदगी की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है।
बसना वन परिक्षेत्र के रेंजर सुखराम निराला ने बताया कि सोमवार सुबह ग्राम बरडीह के खेतों में एक बूढ़ा भालू विचरण करता पाया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह भालू ओडिशा क्षेत्र के जंगलों से रास्ता भटककर यहां पहुंचा था। राहत की बात यह रही कि भालू आसपास के गांवों में घूमते हुए वापस अपने प्राकृतिक क्षेत्र की ओर लौट गया है और अब तक किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग के कर्मचारियों ने बैगनडीह, मोहका और बरडीह सहित समीपवर्ती गांवों का सघन दौरा किया।
ग्राम कोटवारों के माध्यम से लाउड स्पीकर से मुनादी करवाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। वन विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वन परिक्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों अपील की है कि वे शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से बचें और हमेशा समूह में रहें। वर्तमान स्थिति को देखते हुए अकेले जंगल की ओर न जाएं। भालू दिखने पर उसे खुद पत्थर मारकर या शोर मचाकर भगाने की कोशिश न करें, इससे वह हिंसक हो सकता है।