महासमुन्द

बगैर हेलमेट बाइक चलाने वाले डेढ़ सौ घरों में पहुंचा ई-चालान
10-Mar-2026 3:50 PM
बगैर हेलमेट बाइक चलाने वाले डेढ़ सौ घरों में पहुंचा ई-चालान

बरौंडा चौक, बस स्टैंड, सिटी कोतवाली, अंबेडकर चौक और तुमगांव रोड ओवरब्रिज पर 30 आधुनिक 360 डिग्री कैमरे लगे

जैसे ही कोई चालक बिना हेलमेट दिखता है, सिस्टम ऑटोमैटिक तरीके से ई-चालान जनरेट कर देता है

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 मार्च। महासमुंद की सडक़ों पर अब बिना दोपहिया वाहन दौड़ाने की सोच है, तो सावधान हो जाइए। अब पुलिस को चौराहे पर रोके या या न रोके। लेकिन चौकों में लगी तीसरी आंख यानी आईटीएमएस लजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम आपको नहीं छोड़ेगी। शहर के चौक-चौराहों पर आधुनिक 360 डिग्री कैमरों ने रविवार 8 मार्च से अपना काम शुरू कर दिया है। इस अभियान के पहले ही नियमों की अनदेखी करने वाले 150 से अधिक वाहन चालकों के मोबाइल पर चालान का मैसेज पहुंच चुका है। पुलिस द्वारा की जा रही इस सख्ती से सिर्फ राजस्व वसूली नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना मुख्य उद्देश्य है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 24-25 में जिले में हुई 476 सडक़ घटनाओं में 327 लोगों की मौत हुई है। इनमें 297 मौतें सिर्फ इसलिए हुईं क्योंकि उन्होनें हेलमेट नहीं पहना था और सिर पर चोट आई। वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों में अब तक 37 हादसों में 24 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जिनमें 20 लोग बिना हेलमेट के थे। इन्हीं डरावने आंकड़ों को देखते हुए जिला पुलिस ने अब सख्ती से रक्षा का रास्ता अपनाया है।

नियमों के मुताबिक ई-चालान कटने के 60 दिनों के भीतर चालान का भुगतान करना अनिवार्य है। यदि इस समय सीमा में जुर्माना नहीं भरा गया, तो चालान स्वत: ही संबंधित कोर्ट न्यायालय को भेज दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में वाहन मालिक को कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। साथ ही चालान लंबित होने पर वाहन का बीमा रिन्यू कराने, फिटनेस सर्टिफिकेट लेने या वाहन बेचने के दौरान एनओसी मिलने में भी बड़ी दिक्कत आ सकती है। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या फर्जी मैसेज के झांसे में न आएं। केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल या भरोसेमंद ऐप्स के जरिए ही भुगतान करें और सफल ट्रांजेक्शन के बाद डिजिटल रसीद जरूर सेव कर लें।

शहर के प्रमुख स्थानों जैसे बरौंडा चौक, बस स्टैंड, सिटी कोतवाली, अंबेडकर चौक और तुमगांव रोड ओवरब्रिज पर 30 आधुनिक 360 डिग्री कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे दूर से ही तेज रफ्तार वाहनों की नंबर प्लेट को स्कैन कर लेते हैं। जैसे ही कोई चालक बिना हेलमेट दिखता है, सिस्टम ऑटोमैटिक तरीके से ई-चालान जनरेट कर देता है। चालान की सूचना सीधे वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दी जाती है। यदि समय पर चालान की राशि 500 रुपए जमा नहीं की गई, तो भविष्य में वाहन का बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट या अन्य दस्तावेज रिन्यू कराने में बड़ी रुकावट आ सकती है। बार-बार नियम तोडऩे पर ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

ज्ञात हो कि महासमुंद पुलिस द्वारा शहरी क्षेत्र में 8 मार्च 2026 से लागू ई चालान व्यवस्था को स्थगित करने की मांग युवा सामाजिक कार्यकर्ता अनुपम त्रिपाठी ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि महासमुंद शहरी क्षेत्र अत्यंत सीमित तथा घना आबादी क्षेत्र है जिसमें समस्त व्यवसायिक, व्यापारिक व अन्य गतिविधियां केवल 3-4 किलोमीटर में संचालित होती है।

पुलिस विभाग ने आम जनता की सुविधा के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बना दिया है। यदि आपके मोबाइल पर भी चालान का मैसेज आया है, तो आप इन आसान तरीकों से जुर्माने की राशि जमा कर सकते हैं। आधिकारिक पोर्टल से सबसे पहले भारत सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर जाएं। यहां अपने विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना गाड़ी नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करें। कैप्चा कोड भरने के बाद आपके लंबित चालान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।

यहां बटन दबाकर आप नेट बैंकिंग या कार्ड के जरिए भुगतान कर सकते हैं। या फिर मोबाइल ऐप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। स्मार्टफोन यूजर्स ऐप डाउनलोड कर सीधे अपने वाहन नंबर से चालान देख और भर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल पेमेट ऐप्स में भी विकल्प मिलता है। यहां गाड़ी नंबर डालते ही चालान की राशि दिख जाएगी, जिसका तुरंत भुगतान किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट