महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मार्च। पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कोयले से अनेक राज्य रोशन हो रहे हैं। जबकि स्थानीय स्तर पर दिन-रात बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से प्रदेश वासी जूझ रहे हैं। वर्तमान में महासमुंद सहित प्रदेश भर के ग्रामीण अंचल में सर्वाधिक परेशान रबी फसल लेने वाले किसान हो रहे हैं। दिन व रात सांय-सांय 8-8 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। ऊपर से लो वोल्टेज के कारण सिंचाई पंप हांफने लगे हैं।
पूर्व संसदीय सचिव ने कहा कि राज्य में उच्च ग्रेड कोयले का विशाल भंडार है और यहां की खदानें देश भर में कोयला आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कोरबा की गेवरा खदान तो दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खदान बनने की ओर अग्रसर है। यहां से रोजाना भारी मात्रा में कोयला निकलती है। इस उत्पादन के बावजूद छत्तीसगढ़ में दिन-रात बिजली कटौती की जा रही है। गेवरा खदान इतनी वृहद व विशाल है कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ कई राज्यों के लिए पर्याप्त बिजली उत्पादन किया जा सकता है। लेकिन भाजपा की सरकार प्रदेशवासियों को सरप्लस बिजली का वादा कर उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचा रही है। छत्तीसगढ़ वासियों को अपने हक के लिए तरसाया जा रहा हैए जबकिए यहाम के कोयले से दूसरे राज्य रोशन हो रहे हैं।
श्री चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान बिजली आपूर्ति निर्बाध गति से चले इसके लिए ट्रांसफार्मर के पावर बढ़ाए गए थे। नए ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। ट्रांसमिशनों को अपग्रेड किया गया। लेकिन जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से बिजली की व्यवस्था चरमरा गई है। आम जनता सडक़ों पर उतरकर बिजली की समस्या को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
झलप-पटेवा व बागबाहरा क्षेत्र में बिजली कटौती तो आम हो गई है। दिन व रात मिलाकर 15 घंटे से अधिक कटौती की जा रही है। बिजली आ भी रही है तो कम वोल्टेज परेशानी बढ़ा रही है। बागबाहरा व झलप-पटेवा क्षेत्र के किसान केवल बोरवेल के भरोसे खेती करते हैं। इन किसानों के पास सिंचाई का दूसरा कोई साधन नहीं है। ऐसे में कटौती के चलते बोरवेल से किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। खेत सूख चुके हैं, दरारें आने लगी है। श्री चंद्राकर ने कहा कि रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में भी बिजली कटौती आम बात थी। जिसे भूपेश बघेल की सरकार आने के बाद व्यवस्थित किया गया था।