महासमुन्द

खेत में लगे तार की चपेट में आने से युवक की मौत
08-Mar-2026 3:55 PM
खेत में लगे तार की चपेट में आने से युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मार्च।
तेंदूकोना थाना के बुंदेली चौकी अंतर्गत ग्राम कोदोपाली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां खेत की रखवाली के लिए लगाई गई झटका मशीन के करंट की चपेट में आने से राहुल निषाद (28) नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल निषाद शनिवार को सुबह लगभग 9 बजे अपने खेत में दवाई छिडक़ने गया हुआ था। खेत में काम करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह असंतुलित होकर गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश गिरते समय उसका सिर सीधे वहां सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका मशीन के तारों में फंस गया। बिजली के जोरदार झटके के कारण राहुल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बुंदेली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है कि खेत में लगाए गए तार और झटका मशीन के लिए सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। एक युवा किसान की इस तरह असमय मृत्यु से कोदोपाली गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीडि़त परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।


अन्य पोस्ट