महासमुन्द

महासमुंद शहर में दुपहिया वाहन में अब चालक के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य
08-Mar-2026 3:54 PM
महासमुंद शहर में दुपहिया वाहन में अब चालक के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मार्च।
महासमुंद टाउन में दुपहिया वाहन में अब चालक के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। अब यहां भी हेलमेट न पहनने पर ई चलान की कार्रवाई होगी। शहर में लगे कैमरों के इस्तेमाल से आईटीएमएस जैसी व्यवस्था होगी साथ ही एआई टूल्स के इस्तेमाल से रियल टाइम वायलेशन डिटेक्शन, हेलमेट और गाड़ी के नंबर की पहचान होगा। पिछले 1 हफ्ते से इसका ट्रायल चल रहा है।
 गौरतलब है कि महासमुंद शहर से नेशनल हाईवे-353 होकर गुजरती है एवं महासमुंद शहर में यातायात का दबाव अधिक होने से  दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। जिला महासमुंद में विभिन्न रोड एक्सिडेंट के आंकडे बताते हैं कि जिले में वर्ष 2024 एवं 2025 में 476 सडक़ दुर्घटना में 327 व्यक्तियों की मृत्यु हुई, जिसमें से 297 व्यक्तियों की मृत्यु दुर्घटना के दौरान हेलमेट नही पहनने के कारण सिर पर चोंट लगाने से होना पाया गया।  वर्ष 2026 में गत दो माह में घटित 37 सडक़ दुर्घटनाओं में कुल 24 व्यक्तियों की मृत्यु के कारणों का विश्लेषण पर 20 व्यक्तियों की मृत्यु सिर पर चोट लगने व दुर्घटना के दौरान हेलमेट नही पहनने से होना है।

जिला पुलिस महासमुंद एवं यातायात पुलिस के द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों जिसमें साप्ताहिक हाट-बाजारों, स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों में जाकर लगातार आम जनों एवं विद्याथियों को वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से लगाने के संबंध मे लगातार जागरूक किया जा रहा है।  फिर भी महासमुंद शहर में ज्यादातर लोग बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन के चल रहे है।
 हेलमेट नहीं पहनने से होने वाली दुर्घटना एवं मृत्यु की रोकथाम हेतु 8 मार्च से महासमुंद शहर में ई-चालान की कार्यवाही प्रारंभ की  जायेगी।
आम जनों से अपील की गई है कि कृपया  घर से दोपहिया वाहन लेकर निकले तो हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनकर निकले एवं पुलिस की कार्यवाही में सहयोग प्रदान करे व यातायात नियमो का पालन करे।
 


अन्य पोस्ट