महासमुन्द
महासमुंद, 6 मार्च। बेमचा थाना क्षेत्र में एक चाय दुकान संचालक को दुकान में शराब पीने से मना करने पर तीन युवकों ने पहले गाली-गलौज की और बाद में मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार ग्राम खुर्शीपहार निवासी यशवंत सोनी की टी स्टॉल संचालित है। 28 फरवरी की रात लगभग 11 बजे उसका भांजा देवा दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक दुकान पर पहुंचे और वहां शराब पीने की बात कहने लगे। देवा ने उन्हें दुकान में शराब पीने से मना किया। इस पर तीनों युवक आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करने लगे। युवकों ने कहा कि वे यहीं शराब पिएंगे और उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। भांजे से सूचना मिलते ही मामा यशवंत सोनी तत्काल दुकान पहुंचा और युवकों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आयुष ठाकुर,अक्षय,प्रयांश पटेल तथा बाद में बुलाए गए उनके साथी श्रवण ने मिलकर यशवंत और उनके भांजे देवा के साथ हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट के दौरान हाथ थप्पड़ के साथ दुकान में रखी कुर्सी से भी हमला किया। बीच-बचाव के लिए यशवंत के मौसेरे भाई युगल सोनी के हस्तक्षेप करने पर स्थिति शांत हुई। यशवंत सोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115-2, 296 तथा 3-5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


