महासमुन्द
हत्या का मामला दर्ज, जांच शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुं, 6 मार्च। जिले के सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कनकेबा में होली के दिन लापता हुए 9 वर्षीय बालक का शव गुरुवार सुबह खेत में मिला है। मृतक की पहचान धनेश निषाद उम्र लगभग 9 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राथमिक जांच में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि हत्या का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। धनेश कक्षा दूसरी का छात्र था। जानकारी के अनुसार धनेश निषाद बसना क्षेत्र के अपने मामा के गांव दूधीपाली में रहकर पढ़ाई करता था। होली का त्योहार मनाने वह अपने गांव कनकेबा आया हुआ था।
ग्रामीणों के मुताबिक 4 मार्च बुधवार को गांव में होली कार्यक्रम के दौरान वह करीब दोपहर 12 बजे के बाद अचानक लापता हो गया। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने गांव व आसपास के खेत-खलिहानों में उसकी तलाश शुरू की। मामला सोशल मीडिया में फैलने के बाद सरायपाली पुलिस भी हरकत में आई और डॉग स्क्वॉड की मदद से शाम करीब 4 बजे से रात 12 बजे तक तलाश अभियान चलाया गया। लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया। ठीक दूसरे दिन गुरुवार की सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बच्चे के शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरायपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
सरायपाली थाना प्रभारी टीआई नीतेश सिंह ने बताया कि बच्चे का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को जानवरों द्वारा नोचे जाने के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। कार्रवाई जारी है। मौके पर फ ॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है, संदेहियों से पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कई ग्रामीणों के मोबाइल को भी जमा कर जांच किया जा रहा है।


