महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 मार्च। नगर पालिका क्षेत्र बागबाहरा के वार्ड क्रमांक 15 में पिछले कुछ दिनों से दिखाई दे रहा एक भालू रविवार को मृत पाया गया। वन विभाग ने बताया कि मौत के कारणों की जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार को एक भालू नगर क्षेत्र में आ गया था और वार्ड 15 के पास बैठा देखा गया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी।
कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने बताया कि उन्होंने भालू के उपचार के लिए वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया था। उनका आरोप है कि समय पर उपचार नहीं किए जाने के कारण भालू की मौत हुई। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
बागबाहरा के रेंजर लोकनाथ ध्रुव ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि भालू के उपचार के लिए डॉक्टर को बुलाया गया था। उनके अनुसार, रविवार को भालू की मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद बताया जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर निगरानी रखी जा रही थी।
भालू का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या किसी अन्य वजह से। इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा जारी है। वन विभाग ने कहा है कि रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।