महासमुन्द
महासमुंद, 28 फरवरी। महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत एक ग्राम से लगभग 13 वर्षीया एक बालिका को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ रेप के जून 2023 के एक मामले में कल 27 फरवरी को पवन कुमार अग्रवाल जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एफटीएससी पॉक्सो सरायपाली ने आरोपी को 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं 2 हजार रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया है। शासन की ओर से मामले की पैरवी विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो लोचन प्रसाद साहू ने की। मिली जानकारी अनुसार 01 जून 2023 को पीडि़ता के बड़े पिता ने थाना बसना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि 01 जून 2023 को 13 वर्षीया बालिका को उसके घर से रामेश्वर उर्फ रिंकू भास्कर निवासी ग्राम छोटे पटनी दोपहर लगभग 12 बजे बहला फुसलाकर व शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ कहीं भगाकर ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया था।
पुलिस द्वारा मामले की विवेचना के पश्चात् आरोपी के विरूद्ध धारा 363, 366, 376-2, भारतीय दंड संहिता 1860 एवं धारा 4-6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत अभियोग पत्र तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय में मामले के संपूर्ण विचारण के पश्चात् दोष सिद्ध पाये जाने पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री अग्रवाल ने आरोपी को धारा 363 में 03 वर्ष, 366 में 05 वर्ष एवं धारा 6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।