महासमुन्द

दो ट्रकों में लदा 22 लाख का अवैध स्पंज आयरन जब्त, 3 आरोपी बंदी
28-Feb-2026 3:34 PM
दो ट्रकों में लदा 22 लाख का अवैध  स्पंज आयरन जब्त, 3 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 फरवरी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से चल रहे थोड़ा-थोड़ा स्पंज लोहा चोरी के संगठित खेल का पर्दाफाश करते हुए बसना पुलिस ने जानकारी दी है कि दो ट्रकों में लदा 68.755 टन अवैध स्पंज आयरन जब्त कर तीन आरोपियों को जेल भेजा गया है। बरामद लोहे की कीमत लगभग 22 लाख रुपए आंकी गई है। जबकि परिवहन में प्रयुक्त दो ट्रकों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 42 लाख रुपए लगभग है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो ट्रकें स्पंज आयरन भरकर ओडि़शा से महासमुंद होकर रायपुर की  दिशा में जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बसना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों ट्रकों को रोका और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में स्पंज आयरन लदा मिला।

पूछताछ में चालकों ने प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर बताया कि माल रायगढ़ा-पुसौर स्थित एक फर्म से लोड कर उरला रायपुर ले जाया जा रहा है। लेकिन दस्तावेजों और वास्तविक तथ्यों में अंतर पाए जाने पर पुलिस को संदेह हुआ।

तकनीकी जांच और गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि स्पंज आयरन वास्तव में ओडि़शा के लोहराचट्टी क्षेत्र स्थित एक गोदाम से लोड किया गया था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रंजीत सिंह, निवासी लोहराचट्टी जिला बरगढ़,राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्पंज आयरन परिवहन करने वाले ट्रक चालकों को अतिरिक्त लाभ का झांसा देकर उनसे थोड़ा-थोड़ा माल कम कीमत पर खरीद लेता था। इस तरह अलग-अलग ट्रकों से एकत्रित किए गए स्पंज आयरन को अपने गोदाम में अवैध रूप से भंडारित करता था। बाद में फर्जी एवं कूटरचित बिल तैयार कर माल को वैध दर्शाते हुए रायपुर के उरला क्षेत्र में खपाने की साजिश रची जाती थी।

पुलिस ने दोनों ट्रकों लगभग 22 लाख रुपए मूल्य कास्पंज आयरन बरामद किया तथा दोनों ट्रकों को बरामद किया।

प्रकरण में सोनूलाल मोंगरे निवासी लांती थाना सिंघोड़ा जिला महासमुंद, रामेश्वर मानिकपुरी निवासी सरायपाली जिला महासमुंद तथा रंजीत सिंह निवासी लोहराचट्टी थाना सोहेला जिला बरगढ़ ओडिशा को गिरफ्तार किया गया है।

 बसना पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर अवैध स्पंज आयरन खरीद-फरोख्त और फर्जी दस्तावेजों के जरिए चल रहे नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


अन्य पोस्ट