महासमुन्द

तेंदूपत्ता शाख कर्तन प्रशिक्षण कार्यशाला
27-Feb-2026 3:56 PM
तेंदूपत्ता शाख कर्तन प्रशिक्षण कार्यशाला

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 फरवरी। छत्तीसगढ़ के हरा सोना कहे जाने वाले तेंदूपत्ता के आगामी संग्रहण सीजन 2026 को लेकर वन विभाग और लघु वनोपज संघ ने बुधवार को वन कैंपस सरायपाली में एक दिवसीय वृहद तेंदूपत्ता शाख कर्तन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित महासमुंद के अध्यक्ष प्रमोद कुमार चन्द्राकर और उपाध्यक्ष अमर नाग ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि बसंत ऋतु में तेंदूपत्ता संग्रहण से पूर्व शाख कर्तन पौधों की छंटाई एक अनिवार्य प्रक्रिया है। यदि सही नियमों और तकनीकी तरीके से शाख कर्तन किया जाए, तो भविष्य में निकलने वाले पत्ते उच्च गुणवत्ता के होते हैं। जिससे संग्राहकों को बेहतर लाभ मिलता है।

जिला लघु वनोपज महासमुंद के उप प्रबंध संचालक जेआर बंजारे और संयुक्त वनमंडलाधिकारी सरायपाली उदय राम बसंत ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए संग्रहण से जुड़ी बारीकियों पर प्रकाश डाला।

इस वर्ष शाख कर्तन कार्य को समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि सीजन के दौरान पत्तों की आवक और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा सके। इस मौके पर सरायपाली परिक्षेत्र अधिकारी प्रत्यूष टाण्डेय, समस्त पोषक अधिकारी, सरायपाली व बसना परिक्षेत्र के समस्त प्रबंधक, फड़ मुंशी, वन विभाग के कर्मचारी, सुरक्षा श्रमिक और बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट