महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 फरवरी। महासमुंद जिले के बेलसोंडा स्थित स्पर्श ऑटोमोबाइल्स मारुति शोरूम से चोरी का एक मामला सामने आया है। शातिर चोरों ने शोरूम के कैश काउंटर से 2 लाख, 39 हजार 355 रुपये पार कर दिए। मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात पिछले साल 22-23 नवंबर 2025 की दरमियानी रात को हुई थी। लेकिन इसकी औपचारिक रिपोर्ट घटना के तीन महीने बाद 25 फरवरी 2026 को थाने में दर्ज कराई गई है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वारदात को बेहद शातिराना और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। 22 नवंबर की शाम कैशियर ने दिनभर का कलेक्शन गिनकर कैश ड्रॉअर में सुरक्षित रखा था। अगली सुबह जब कर्मचारी शोरूम पहुंचे तो कैश काउंटर का ड्रॉअर खुला हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने पहचान छुपाने के लिए वहां लगे सीसी कैमरों के केबल भी निकाल दिया है। फुटेज और शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात वाली रात शोरूम में शोरूम का मुख्य दरवाजा खुला मिलना और कैमरों के साथ छेड़छाड़ होना इस बात की ओर संकेत दे रहा है कि इस चोरी में किसी भीतरी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। जानकारी के अनुसार चोरी के बाद कंपनी प्रबंधन ने तुरंत पुलिस के पास जाने के बजाय अपने स्तर पर आंतरिक जांच शुरू कर दी थी। प्रबंधन को उम्मीद थी कि वे स्वयं आरोपी का पता लगा लेंगे लेकिन महीनों की मशक्कत के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तब जाकर महासमुंद में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने स्पर्श ऑटोमोबाइल्स की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305ई और 331-4 के तह अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेब स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
पुलिस अब उन सभी कर्मचारियों पूछताछ की तैयारी कर रही है जो वारदात की रात शोरूम में मौजूद थे।


