महासमुन्द

सडक़ किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया ट्रक, चालक की मौत
27-Feb-2026 3:51 PM
सडक़ किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया ट्रक, चालक की मौत

महासमुंद, 27 फरवरी। महासमुंद से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लापरवाही पूर्वक खड़े वाहन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। बुधवार सुबह तुमगांव के पास करणीकृपा प्लांट के सामने एक खड़े ट्रेलर से टकराने के कारण ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक द्वारा बिना किसी इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के वाहन खड़ा करना इस भीषण हादसे की मुख्य वजह बना।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मेघनाथ साहू 33 साल निवासी ओडि़शा के रूप में हुई है। मेघनाथ अपने ट्रक क्रमांक सीजी 04 एचपी 7298 में माल लेकर रायपुर की ओर जा रहा था कि सुबह करीब 6.20 बजे जैसे ही वह तुमगांव क्षेत्र के करणीकृपा प्लांट के पास पहुंचा, वहां सडक़ पर खड़े ट्रेलर सीजी 07 सीक्यू 8111 से उसका ट्रक पीछे से जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मेघनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर चालक ने वाहन खड़ा करते समय न तो इंडिकेटर जलाए थे और न ही पीछे कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाया था। लिहाजा ट्रक चालक खड़े वाहन का अंदाजा नहीं लग सका। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव ले जाया गया जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


अन्य पोस्ट