महासमुन्द
महासमुंद, 24 फरवरी। व्याख्याता हरमन कुमार बघेल को नेपाल की राजधानी काठमांडू से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मातृभाषा रत्न मानद उपाधि सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था शब्द प्रतिभा बहू क्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल के द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अमेरिका, भारत, नेपाल, मॉरीशस, तंजानिया, चीन आदि देशों के दो हजार से भी अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता दी। जिसमें ‘मातृभाषा रत्न एवं मातृभाषा गौरव सम्मान’ लगभग एक हजार से भी अधिक प्रतिभागी साहित्यकार, शिक्षकों को सम्मान से विभूषित किया गया।
इस अवसर पर हरमन कुमार बघेल को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। श्री बघेल अब तक अनेक साझा कृतियों में अपनी रचनाएं तथा भागीदारी दे चुके हैं तथा विभिन्न साहित्य पत्र पत्रिकाओं में साहित्य लेखन कर रहे हैं। इस अवसर पर उनके शुभचिंतकों, साहित्यकारों,विद्यालय परिवार और इष्ट मित्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।


