महासमुन्द

कई जगह छापे, शराब जब्त, कई पकड़ाए
24-Feb-2026 8:51 PM
कई जगह छापे,  शराब जब्त, कई पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी।
जिले में अवैध शराब के कारोबार और नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान छेड़ा है। सरायपाली, बसना, पटेवा और बागबाहरा पुलिस ने संयुक्त रूप से महुआ शराब बनाने वाले ठिकानों पर दबिश देते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब और निर्माण सामग्री जब्त की है।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ग्राम बगईजोर, झालपाली, पदरीडीह, सावित्रीपुर, हरनादादर तालाब किनारे और ग्राम पचरी में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने करीब 1380 किलो महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त गैस चूल्हा, सिलेंडर, प्लास्टिक ड्रम और बर्तनों को भी जब्त किया गया है।
सरायपाली पुलिस ने ग्राम बगईजोर और झालपाली में कार्रवाई कर आनंद कुमार, अनुप बिश्रा, संजय बिश्रा और भगत चंद्रा को गिरफ्तार किया। यहां से 220 लीटर महुआ शराब और एक बाइक जब्त की गई। बसना के पदरडीह और सावित्रीपुर क्षेत्र से भुनेश्वर कोंद, टीकाराम कुरें और कुमार बरिहा को गिरफ्तार किया गया।
जिले के पटेवा थाना के ग्राम पचरी में पुलिस ने दबिश देकर राजेश लहरे और रवि टंडन को पकड़ा है। इनके पास से 180 लीटर महुआ शराब और देशी शराब जब्त की गई।
बागबाहरा पुलिस ने हरनादादर निवासी रवि सतनामी को गिरफ्तार कर उसके पास से देशी प्लेन शराब के 65 पौवे जब्त किए गए। पकड़े गए सभी 10 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।-


अन्य पोस्ट