महासमुन्द

खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली पार करने वाला आरोपी गिरफ्तार
22-Feb-2026 4:20 PM
खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली पार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कोटद्वारी जंगल में छिपाकर रखा था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी।
बलौदा पुलिस ने ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
 पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार ग्राम पालीडीह निवासी सनमत बारीक ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी को उन्होंने अपना आयशर ट्रैक्टर काम के बाद बाड़े बियारा में खड़ा किया था।
अगली सुबह जब वे वहां पहुंचे, तो ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब थे। काफ ी खोजबीन के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो अज्ञात चोर के खिलाफ  शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बलौदा पुलिस ने जांच तेज की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अर्जुण्डा के पास एक संदिग्ध युवक ट्रैक्टर बेचने की फिराक में घूम रहा है।

पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी युवक निराकार उर्फ  दलदल नेताम निवासी ग्राम कनपला को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी करने के बाद उसने ट्रैक्टर और ट्रॉली को कोटद्वारी के जंगल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद कर ली है। जिसकी कुल कीमत लगभग 1लाख,50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को धारा सदर के तहत गिरफ्तार कर 21 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट