महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 फरवरी। जिले की एन्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स और पटेवा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी कर स्कूटी पर गांजा परिवहन कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है और उनके पास से 12.25 लाख रुपए का 24.500 किलो गांजा बरामद किया गया है। दोनों आरोपी यूपी और बिहार के रहने वाले हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरायपाली की ओर से रायपुर की तरफ एक नीले रंग की स्कूटी में दो संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस ने एनएच-53 पर ग्राम जोगीडीपा में मंडी के पास नाकाबंदी कर दी। जब स्कूटी सवार वहां पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली।
आरोपियों ने पहले तो बोरी में रखे सामान को लेकर टाल.मटोल की। लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने गांजा तस्करी की बात कबूल कर ली। पकड़े गए दोनों आरोपी वर्तमान में रायपुर के एक होटल में रह रहे थे। वे मूलत: उत्तरप्रदेश और बिहार राज्य के रहने वाले हैं। इनमें आरोपी कलनाथ कुशवाहा उर्फ कमलेश पश्चिम चंपारण बिहार, राजकुमार यादव निवासी जिला कुशीनगर उत्तरप्रदेश का रहने वाला है। आरोपियों के कब्जे से 24.500 किलो कीमत 12.25 लाख का गांजा जब्त किया गया है। वहीं स्कूटी कीमत 50 हजार रुपए के साथ दो मोबाइल फ ोन भी बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस ने जनवरी 2026 से अब तक 12 करोड़ से ज्यादा का रिकार्ड गांजा जब्त किया है। आंकड़ों के अनुसार कुल 38 प्रकरण में अब तक 2494.641 किलो गांजा जब्त किया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत 12 करोड़ 44 लाख 48 हजार रुपए आंकी गई है। इन मामलों में अब तक 100 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।


