महासमुन्द

12वीं की परीक्षा में पहले दिन भौतिक शास्त्र के सवालों ने छात्रों को थोड़ा उलझाया, भूगोल का पर्चा सरल रहा
21-Feb-2026 4:07 PM
12वीं की परीक्षा में पहले दिन भौतिक शास्त्र के सवालों ने छात्रों को थोड़ा उलझाया,  भूगोल का पर्चा सरल रहा

 सीजी बोर्ड  परीक्षाएं शुरु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,21फरवरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं का शंखनाद शुक्रवार से हो चुका है। जिले के 115 केंद्रों में  कक्षा बारहवीं की परीक्षा भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय के साथ शुरू हुई। पहले दिन परीक्षार्थियों में गजब का उत्साह देखा गया।  हालांकि भौतिक शास्त्र के कुछ सवालों ने छात्रों को थोड़ा उलझाया। वहीं भूगोल का पर्चा सरल रहने से छात्र मुस्कराते हुए केंद्रों से बाहर निकले।

शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में बारहवीं बोर्ड के लिए कुल 8हजार 687 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से पहले दिन 8 हजार 575 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 112 छात्र अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हुई, लेकिन परीक्षा के पहले दिन सीटिंग अरेंजमेंट और रोल नंबर ढूंढने की आपाधापी के चलते छात्र निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे।

दोपहर 12.15 बजे जब छात्र परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले तो उनके मिश्रित अनुभव सामने आए। स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय के छात्रों से चर्चा के दौरान पता चला कि भूगोल का पर्चा काफी सरल था और तैयारी के अनुरूप ही सवाल पूछे गए थे। वहीं भौतिक शास्त्र के छात्रों ने बताया कि पर्चा औसत था लेकिन कुछ घुमावदार प्रश्नों ने उन्हें उलझा दिया। कुछ बच्चों ने कहा कि भौतिकी की तैयारी अच्छी थी, लेकिन पेपर थोड़ा लंबा होने के कारण समय प्रबंधन में चुनौती आई। कई छात्रों ने बताया कि तीन घंटे लगातार लिखने के बाद भी अंत में एकाध प्रश्न छूट गए।

गौरतलब है कि बोर्ड परीक्षा में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। जिला स्तर पर 5 और विकासखंड स्तर पर 5 विशेष उडऩदस्ता दल फ्लाइंग स्क्वाड गठित किए गए हैं। इन दलों ने शुक्रवार को विभिन्न संवेदनशील केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि पहले दिन पूरे जिले में एक भी नकल प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई।


अन्य पोस्ट